हरिद्वार। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की ओर से रक्षाबंधन पर्व कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आरएसएस के अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य और मुस्लिम मंच के संरक्षक इंद्रेश कुमार की कलाई पर मंच से जुड़ी महिलाओं ने राखी बांधकर पर्व मनाया। साथ ही हर सुख-दुख में एक दूसरे के साथ रहने का संकल्प लिया। देहरादून-दिल्ली हाईवे स्थित एक होटल में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की ओर से रक्षाबंधन पर्व का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इंद्रेश कुमार की कलाई पर प्रांत संयोजिका सीमा जावेद, हरिद्वार जिला संयोजिका रूबी बेगम और अन्य महिलाओं ने राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया। इंद्रेश कुमार ने कहा कि रक्षाबंधन पर्व बहन-भाइयों के प्यार का प्रतीक होता है। उन्होंने कहा कि राखी प्रेम और विश्वास का वह अटूट धागा है जो बहनों को भाइयों से जोड़ता है। प्रांत संयोजिका सीमा जावेद ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पारस्परिक प्रेम, स्नेह व विश्वास का त्योहार है। यह पर्व कर्तव्य, आत्मीयता, त्याग, सामाजिक एकता व सद्भाव की भावना का प्रतीक है। जिला संयोजिका रूबी बेगम ने कहा कि रक्षाबंधन के इस पवित्र त्योहार से भाई-बहन का एक-दूसरे के प्रति परस्पर स्नेह, प्यार और अटूट विश्वास झलकता है। आपसी प्यार और सौहार्द के साथ सभी पर्व मनाने चाहिए। इस दौरान क्षेत्रीय संयोजक डॉ. हसन नूरी, प्रांत संयोजक मुस्तकीम, प्रांत प्रचारक युद्धवीर सिंह, मासूम अली, नौशाद अली, अनीस गौड़, इसरार अल्वी, गजाला, गुड़िया, अमरीन, शमा परवीन, रेहाना परवीन, रुखसार आदि शामिल रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment