हरिद्वार। देशभर में रेलवे स्टेशनों के निजीकरण-निगमीकरण के विरोध में रेलवे कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन कर धरना दिया। कर्मचारी बोले, सरकार के इस फैसले से लाखों रेलवे कर्मचारी बेरोजगार हो जाएंगे। सरकार को इस निर्णय को वापस नहीं लेने पर चक्का जाम करने की चेतावनी दी है। बुधवार को हरिद्वार रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर एक पर नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के बैनर तले रेलवे कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। एक दिवसीय धरना देते हुए रोष प्रकट किया। शाखा सचिव अजय कुमार तोमर ने कहा कि निजीकरण-निगमीकरण और कर्मचारियों की छंटनी करना सरकार की प्राथमिकता बन गई है। बीते वर्षों में बहुत छोटे स्तर से प्राइवेट कर्मचारियों की भर्ती करनी शुरू की थी। जिसे लगातार बढ़ाया जा रहा है। हर स्तर पर इसका पुरजोर विरोध किया जाता रहेगा। रेलवे स्टेशनों को प्राइवेट हाथों में सौंपने को लेकर सरकार बाज नहीं आ रही है। कहा कि अगर एक भी कर्मचारी की छंटनी की गई तो पूरे देश में यूनियन हड़ताल करने को मजबूर होगी। चक्का जाम करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। सह-शाखा सचिव दुर्गेश खन्ना ने कहा कि रेलवे में निगमीकरण लागू हो गया तो रेल व कर्मचारियेां की हालत भी बीएसएनएल की तरह होने से कोई नहीं रोक पाएगा। शाखा अध्यक्ष विजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आने वाले समय में अगर सरकार की नीतियों में बदलाव नहीं आया तो आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। धरना देने वालों में गोपाल चैधरी, संजय यादव, अजय कपूर, नितिका, शोभित आदि शामिल रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment