हरिद्वार। नगर निगम अधिकारियों पर सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए चंद्राचार्य चैक व्यापार मण्डल के व्यापारियों ने अध्यक्ष मृदुल कौशिक के नेतृत्व में नगर निगम प्रशासन का पुतला फूंका। चंद्राचार्य चैक पर पुतला दहन के दौरान मृदुल कौशिक ने कहा कि मार्केट, काम्पलेक्सों के अलावा मुख्य मार्गो पर भी सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। दीपावली पर्व के मौके पर भी नगर निगम के अधिकारियों की नींद नहीं खुल रही है। उन्होंने कहा कि नालों, नालियों का बुरा हाल है। व्यापारिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कूड़े को भी सही समय पर नहीं उठाया जाता है। चंद्राचार्य चैक मार्ग पर पथ प्रकाश व्यवस्था भी बदहाल है। मृदुल कौशिक ने चेतावनी देते हुए कहा कि नगर निगम के अधिकारियों को अपने रवैये में बदलाव लाना चाहिए। अन्यथा नगर निगम कार्यालयों पर तालाबंदी की जाएगी। सुनील गुलाटी, राहुल अग्रवाल ने कहा कि व्यवसायिक काम्पलेक्सों के बाहर डस्टबीन की व्यवस्था को भी लागू नहीं कराया जा रहा है। जिससे व्यापारी सड़कों पर ही कूड़ा फेंकने को मजबूर हैं। डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। दवाईयों का छिड़काव भी नहीं हो पा रहा है। अधिकारी काम्पलेक्सों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी नहीं कर रहे हैं। सफाई कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती त्यौहारों के मद्देनजर करनी चाहिए। काम्पलेक्सों के बाहर व्याप्त रूप से गंदगी फैली हुई है। ग्राहक दुकानों पर खरीददारी करने के लिए भी नहीं पहुंचते हैं। नगर निगम के अधिकारी अपनी कार्यशैली में बदलाव लाएं वरना चरणबद्ध तरीके से अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन चलाया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में दीपक अग्रवाल, संजय शर्मा, बाबूराम, योगेश पाण्डे, पीयूष मेहता, बबलू, राजू, नितिन शर्मा, सुधीर गुप्ता, सुरेंद्र अग्रवाल, संजय द्विवेदी, धर्मेन्द्र मिगलानी, पवन दवे, दीपांकर चक्रपाणी, शिवांकर चक्रपाणी, संजय शर्मा, बबलू कुमार, तुषार शर्मा आदि सहित दर्जनों व्यापारी शामिल रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment