हरिद्वार। मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने सॉलिड वेस्ट कंपनी केआरएएल के कूड़ा कलेक्शन सेंटर का औचक निरीक्षण किया। कंपनी प्रबंधन को जरूरी सुधार के निर्देश भी दिए गए। वहीं हरकी पैड़ी क्षेत्र में घंाटों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्लास्टिक कैन जब्त की। लापरवाही पर पीआरडी जवानों को जमकर फटकारा। हाईकोर्ट और एनजीटी के आदेशों के अनुपालन में शहर प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। मंगलवार सुबह सिटी मजिस्ट्रेट जगदीश लाल अचानक केआरएल के टिबड़ी स्थित कूड़ा कलेक्शन सेंटर पहुंचे। सिटी मजिस्ट्रेट के निरीक्षण की सूचना लगते ही एसएनए और कंपनी के निदेशक मौके पर पहुंच गए। सिटी मजिस्ट्रेट ने निगम अधिकारी और केआरएल प्रबंधन से पूछा कि यहां खुले में कूड़ा क्यों डाला जा रहा है। कंपनी के निदेशक सुखबीर सिंह ने बताया कि कंपनी को निगम के द्वारा तीन कूड़ा कलेक्शन सेंटर मुहैया कराए गए हैं। बताया कि टिबड़ी, रोड़ीबेलवाला और पंतद्वीप मैदान में 12 बजे तक कूड़ा एकत्र किया जाता है। एकत्र कूड़े को सराय स्थित प्लांट में भेजा जाता है। सिटी मजिस्ट्रेट ने कंपनी प्रबंधन को निर्धारित समय पर कूड़ा उठाने के निर्देश दिए। इसके साथ निगम को कंपनी के कार्यों और कूड़े कलेक्शन की निगरानी के लिए कहा। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट सीधा हरकी पैड़ी पहुंचे। यहां सिटी मजिस्ट्रेट ने मालवीय घाट, नाईसोता घाट और सुभाषघाट पर छापेमारी की। सिटी मजिस्ट्रेट को देखते ही प्लास्टिक कैन की बेच रहे लोगों में अफरा तफरी मच गई। अवैध फूलफरोशी और खोमचे लगाने वाले भी भागने लगे। इस दौरान कई प्लास्टिक कैन बेचने वालों को पकड़ा गया। लेकिन अधिकांश प्लास्टिक बेचने वाले नाबालिग थे। इसलिए सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर केवल प्लास्टिक कैन को जब्त किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट जगदीश लाल ने पहले पीआरडी जवानों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि अगले निरीक्षण पर घाटों पर प्लास्टिक दिखा तो कार्रवाई के लिए तैयार रहे। सिटी मजिस्ट्रेट ने पीआरडी जवानों को नियमित रूप से अवैध केन बिक्री, फूल फरोशी और खोमचे लगाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसएनए उत्तम सिंह नेगी, सेनेट्री इंस्पेक्टर विकास छाछर, मनोज कुमार आदि रहे। दूसरी ओर लेकिन मंगलवार को केआरएल की वर्कशॉप में रखे लिफ्टिंग डस्टबिन में कूड़ा जल रहा था। हालांकि प्रबंधन को इसकी खबर नहीं थी। सिटी मजिस्ट्रेट भी पहले वर्कशॉप में ही आए थे। लेकिन उन्होंने कूड़ेदान से उठते धुएं पर ध्यान नहीं दिया।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment