हरिद्वार। थाना कनखल क्षेत्र में दिन दहाड़े हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया,जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। बताते चले कि बुधवार सुबह कनखल स्थित स्क्रैप रिसाइकिल फैक्ट्री के मालिक कृष्ण कुमार 30 पुत्र पदम प्रकाश निवासी बंगाली रोड कनखल की उसके दोस्त अर्जुन, दीपक और दो अन्य लोगों ने सीने में कैंची घोंपकर हत्या कर दी थी। हमलावर और मृतक आपस में दोस्त भी बताए जा रहे हैं। हमलावर युवक स्थानीय भाजपा नेत्री का पुत्र बताया जा रहा है। पुलिस ने दो अरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी ओर कृष्ण कुमार के भाई संदीप शर्मा की शिकायत पर कनखल पुलिस ने हत्यारोपी अर्जुन और दीपक पुत्र ओमप्रकाश निवासी दत्त कुटी कनखल समेत दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार संदीप शर्मा ने आरोप लगाया कि अर्जुन और कृष्ण कुमार के बीच रंजिश चल रही थी। आरोप है कि अर्जुन ई-रिक्शा वालों से अवैध वसूली करता है। जिस कारण रंजिश चल रही थी। बुधवार को अर्जुन और उसके दो साथियों ने कृष्ण कुमार को बंगाली रोड स्थित सैलून पर पकड़ा और आरोपी दीपक भारद्वाज ने कृष्ण कुमार के सीने में कैंची घोप दी। जिससे कृष्ण कुमार की मौत हो गई। पुलिस ने देर रात अर्जुन और दीपक भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया था। गुरुवार को दोनों आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। जबकि हत्यारोपियों के दो साथियों की तलाश तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से फरार दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। उधर कनखल स्थित श्मशान घाट में गमगीन माहौल में फैक्ट्री मालिक का अंतिम संस्कार किया गया। कनखल थाना के कार्यवाहक एसओ चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि दो आरोपियों के और नाम मामले में शामिल बताए जा रहे है। दोनों के नामों को चिन्हित किया जा रहा है। जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment