हरिद्वार। नागरिकता संशोधन कानून व जामिया मिल्लिया यूनिवर्सिटी के छात्रों पर पुलिस लाठी चार्ज के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्षद सुहेल अख्तर के नेतृत्व में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। ज्वालापुर में पुल जटवाड़ा पर हुए विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में देश भर में चल रहे प्रदर्शनों को दबाने के लिए केंद्र सरकार तरह तरह के हथकंडे अपना रही है। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में शांति पूर्ण प्रदर्शन कर रहे दिल्ली की जामिया मिल्लिया यूनिवर्सिटी के छात्रों को पुलिस ने बुरी तरह से पीटा। उन्होंने केंद्र सरकार पर सत्ता का दुरूपयोग कर विरोध में उठने वाली आवाजों को दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार विवादास्पद निर्णय कर देश की एकता अखण्डता को खण्डित करने का काम कर रही है। सरकार के निर्णयों के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों को पीटा जा रहा है। सरकार के ऐसे निर्णयों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्षद सुहेल अख्तर ने कहा कि केंद्र सरकार देश को साम्प्रदायिक आधार पर बांटने का प्रयास कर रही है। नागरिकता संशोधन कानून इसका उदाहरण है। सरकार की मंशा का विरोध कर रहे जामिया मिल्लिया विवि के छात्रों को केंद्र सरकार के इशारे पर बर्बरता पूर्वक पीटा गया। विवि परिसर में जबरन घुसी पुलिस ने कक्षाओं व पुस्तकालय में आंसू गैस के गोले फेंके। विरोध प्रदर्शन कर रही छात्राओं को भी पुलिस ने नहीं बख्शा। सुहेल अख्तर ने कहा कि जात पात व धर्म के भेदभाव को सुनियोजित तरीके से फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार के मंसूबों को देश की जनता कभी कामयाब नहीं होने देगी। विशाल राठौर व दिलशाद मंसूरी ने कहा कि देश की एकता अखण्डता को बनाए रखने के लिए कांग्रेस हर प्रयास करेगी। अनिल भास्कर व यशवंत सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतयां देश की जनता पर भारी पड़ रही हैं। किसानों की समस्याओं का कोई हल सरकार नहीं निकाल पा रहे हैं। केवल पूंजीपतियों को संरक्षण देने का काम केंद्र सरकार कर रही है। बढ़ती महंगाई के कारण आमजन बुरी तरह परेशान है। प्रदर्शन करने वालों में पार्षद सद्दीक गौड़, जफर अब्बासी, इसरार सलमानी, रियाज अंसारी, डा.मेहरबान ख्वाजा, दीपक टण्डन, शुभम अग्रवाल, भानपाल सिंह, सीपी सिंह, अनिल भास्कर, अरशद ख्वाजा, यशवंत सैनी, सुनील कुमार सिंह, दिग्विजय सिंह यादव, नावेज अंसारी, दिलशाद मंसूरी, गुलफाम मलिक, एजाज अली, सलीम ख्वाजा, आदिल मंसरी, अफजाल मलिक, कुरबान आदि सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment