हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर के राजलोक कॉलोनी में बीती देर रात गुलदार ने गाय और उसके बछड़े पर हमला कर दिया। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर गुलदार चला गया। कॉलोनी में गुलदार की दस्तक के बाद लोगों में भय का माहौल बन गया है। उधर वन प्रभाग की टीम ने बुधवार की सुबह पहुंचकर लोगों से जानकारी जुटाई। ज्वालापुर सराय के पास लगी राजलोक कॉलोनी में मंगलवार देर रात गुलदार घुस आया। घटना रात करीब दो बजे की है, जब राजलोक कॉलोनी ज्वालापुर निवासी धर्मवीर की गोशाला में गुलदार आ गया। गुलदार ने गोशाला में गाय और उसके बछड़े पर हमला कर दिया। हमले में बछड़ा घायल हो गया। तभी पड़ोसी ने देखा और कॉलोनी में शोर मचा दिया। आसपास के लोगों ने हल्ला किया तो गुलदार कॉलोनी से चला गया। रात बीत जाने के बाद बुधवार की सुबह पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी योगेश देव मौके पर पहुंचे और वन प्रभाग को मामले की जानकारी दी। रेंजर दिनेश नौड़ियाल ने मौके पर पहुंचकर कॉलोनी के लोगों से जानकारियां जुटाई है। बछड़े को उपचार के लिए पशु चिकित्सक के पास ले जाया गया। उधर डीएफओ आकाश वर्मा ने बताया कि वनकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment