हरिद्वार। किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जुमा मस्जिद तिराहे पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर प्याज के बढ़े दामों को नियंत्रित करने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अंकित चैहान ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव अंकित चैहान ने कहा कि लोगों की थाली से प्याज गायब हो रहा है। प्याज के बढ़ते दामों पर किसी भी प्रकार का अंकुश केंद्र सरकार नहीं लगा पा रही है। प्याज के दाम 120 प्रति किलो पहुंच गए हैं। लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जमाखोरों पर किसी प्रकार को कोई अंकुश नहीं लग पा रहा है। शहाबुद्दीन अंसारी व तासीन अंसारी ने कहा कि खाद्य पदार्थो में बेतहाशा मूल्य वृद्धि आम जनमानस के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। प्याज के अलावा अन्य सब्जियों के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। मोदी सरकार पूंजीपतियों को संरक्षण देने का काम कर रही है। अनिल चैहान ने कहा कि बाजारों से प्याज गायब है। लोग प्याज नहीं खरीद पा रहे हैं। केंद्र सरकार की नीतियां गरीबों पर भारी पड़ रही हैं। बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। प्रदर्शन करने वालों में पंकज कुमार, अज्जू खान, मैराज, वकार, आरिफ, तफसील, नवीन, अफजल अंसारी, तोसीफ, शोएब अंसारी आदि सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment