हरिद्वार। जिला कारागार में सजा काट रहे 88 कैदियों को सेंट्रल जेल सितारगंज स्थानांतरित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि जिला जेल में स्टाफ की कमी के चलते कर्मचारियों पर दबाव बढ़ रहा था। क्षमता से अधिक कैदी यहां होने के कारण इन सजायाफ्ता कैदियों को शिफ्ट करने निर्णय लिया गया। जिला कारागार रोशनाबाद में करीब 1135 बंदी थे। कई सालों से यहां क्षमता से अधिक कैदी रखे जा रहे थे। आईजी जेल के निर्देश पर जेलर एसएम सिंह ने 88 कैदियों को यहां से शिफ्ट करने की तैयारी की। शनिवार सुबह 88 कैदियों को जनपद उधमसिंह नगर स्थित सेंट्रल जेल सितारगंज के लिए रवाना कर दिया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच सभी कैदियों को सितारगंज जेल तक पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि इनमें लगभग 40 कैदी कुमाऊं मंडल के रहने वाले हैं। जबकि अन्य उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। सभी अलग-अलग जुर्म की सजा काट रहे हैं। कुमाऊं मंडल के कैदियों से मिलने में परिजनों को भी सहूलियत मिलेगी। सभी कैदियों को यहां से भेजने के बाद जेल में दबाव कम होगा। जेलर एसएम सिंह ने बताया कि 88 सजायाफ्ता कैदियों को सेंट्रल जेल सितारगंज के लिए स्थानांतरित कर दिया गया है। कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच सभी को जेल तक पहुंचाया गया है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment