हरिद्वार। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि राष्ट्र के प्रत्येक नागरिक को अपनी जन्मभूमि को सर्वोपरि मानकर अपना कर्म करना चाहिए। राज्य की सरकार भी प्रदेश और अपने नागरिकों के प्रति समर्पित भावना से विकास कार्य कर रही है, जिससे उत्तराखण्ड निरन्तर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। यह बात उन्होंने रोशनाबाद में आयोजित आरडी परेड का निरीक्षण के बाद कही। 71 वां गणतन्त्र दिवस जनपदभर में हर्षोल्लास से मनाया गया। जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी कार्यालयों, भवनों और जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण किया गया। कलक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी हरिद्वार दीपेन्द्र कुमार चैधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। जिलाधिकारी ने आनंदमयी सेवासदन की छात्राओं को सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने पर पुरस्कृत किया। मुख्य कार्यक्रम रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन परेड ग्राउण्ड में आयोजित हुआ। यहां कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा यातायात पुलिस दस्ता, सशस्त्र पुलिस टुकड़ी, नागरिक पुलिस टुकड़ी, पुलिस बैंड, पीएसी प्लाटून, होमगार्ड प्लाटून, पीआरडी प्लाटून एवं महिला पीआरडी टुकड़ी की सलामी ली।इस मौके पर मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि हमारा देश दुनिया में लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है तथा पूरी दुनिया में भारत को सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। हम सभी को राष्ट्र की प्रगति में भागीदार बनना है। अपना पूर्ण प्रयास राष्ट्र निर्माण में करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को शांतिपूर्वक अपनी बात रखने का अधिकार है, साथ ही सभी को अपने कर्त्तव्यों के पालन में भी तत्पर रहना चाहिए।कार्यक्रम में कृषि, महिला बाल विकास, मत्स्य विभाग, आपदा प्रबंधन, उरेडा, उद्यान, चिकित्सा विभाग द्वारा राज्य सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आकर्षक झांकियों के माध्यम से दी गयी। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, देशभक्ति का संदेश दिया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंत्री ने पुलिस विभाग के सेवारत तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों, कार्मिकों सहित जनपद में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। मौके पर जिलाधिकारी दीपेंद्र चैधरी, एसएसपी सेंथिल अवुदई कृष्णराज एस, मुख्य विकास अधिकारी विनीत तोमर, एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय, एसपी क्राइम आयुष अग्रवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं 40वीं वाहिनी पीएसी में जन्मेजय प्रभाकर खंडूरी ने तिरंगा फहराया।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment