हरिद्वार। उत्तराखंड जनरल, ओबीसी एंप्लाइज एसोसिएशन ने प्रमोशन में आरक्षण खत्म करने और प्रमोशन में लगी रोक हटाने की मांग पूरी नहीं होने पर आगामी 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया है। शिक्षा से जुड़े कर्मचारियों को हड़ताल से बाहर रखा गया है। वहीं आवश्यक सेवाएं दे रहे कर्मचारी 5 मार्च से हड़ताल में शामिल होंगे। संगठन द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए नोटिस में कहा गया है कि 7 फरवरी को उच्चतम न्यायालय के निर्णय का राज्य सरकार ने अनुपालन वर्तमान समय तक भी नही किया है। उत्तराखंड जर्नल ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन के संरक्षक राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि 7 फरवरी में न्यायालय ने प्रमोशन में आरक्षण को गलत ठहरा दिया था। लेकिन सरकार कोर्ट के उस निर्णय को राज्य में लागू नहीं कर सकी है। इसलिए जनपद में विभिन्न विभागों, शिक्षणेत्तर संस्थाओं, कार्यालयों, निगमों, एंव स्वायत्तशासी निकायों में कार्यरत जनरल ओबीसी वर्ग के समस्त अधिकारी कर्मचारी शिक्षक तथा एसोसिएशन के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य दो मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। जिला सचिव देवेंद्र रावत ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों के भविष्य को देखते हुए बोर्ड परीक्षाओं की ड्यूटी में तैनात शिक्षकों को ड्यूटी अवधि की समय सीमा तक आंदोलन से दूर रखा गया है। तथा आवश्यक सेवाओं को भी आगामी तीन दिन तक आंदोलन में शामिल नही किया जाएगा उसके बाद भी सरकार ने उनकी मांगों को नही माना तो पांच मार्च से आवश्यक सेवाएं भी बंद कर सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल में शामिल हो जाएंगे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment