हरिद्वार। कूड़ा निस्तारण में सहयोग नही देने के आरोप में नगर निगम ने करीब आठ दर्जन लोगों को नोटिस दिया है। सहयोग नही करने पर जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है। कूड़ा निस्तारण करने वाली कंपनी केआरएल ने डोर टू डोर कूड़ा न देने पर नगर निगम ने 95 लोगों को नोटिस जारी किया है। इन सभी को सहयोग के लिए सभी लोगों को सात दिन का समय दिया है। इसके बाद भी कूड़ा न देने पर इन लोगों को पांच हजार का जुर्माना लगाया जाएगा। सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन सख्त हो गया है। नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह भंडारी के निर्देश पर अब ऐसे लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। एसएनए विनोद कुमार ने बताया कि नगर निगम की सर्वे टीम ने डार टू डोर कूड़ा न देने वाले 95 लोगों को चिन्हित किया था। शुक्रवार को इन लोगों को नोटिस जारी कर दिया गया। ज्वालापुर में 44, कनखल में 22, मध्य हरिद्वार में 19 और उत्तरी हरिद्वार में अब तक दस लोगों को नोटिस जारी किए गए। विनोद कुमार ने बताया कि सुधार न आने पर इन लोगों के खिलाफ उत्तराखण्ड कूड़ा फेंकना एवं थूकना प्रतिषेध अधिनियम 2016 के तहत कार्रवाई की जाएगी। सर्वे टीम में सेनेट्री इंस्पेक्टर सुनित कुमार, विकास छाछर, श्रीकांत और मनोज कुमार शामिल रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment