हरिद्वार। प्रदेश के साथ ही जनपद में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। गुरुवार को जिले में सात कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला समेत सात कोरोना पॉजिटिव चमोली और रुद्रप्रयाग जिले के हैं। जो 21 मई को मुंबई से आई श्रमिक स्पेशल से हरिद्वार पहुंचे थे और इन्हें कलियर में गेस्ट हाउस में क्वारंटीन किया गया था। जिले में कोरोना मीटर तेजी से घूम रहा है। गुरुवार को सात कोरोना पॉजिटिव मिले। इन्हें मिलाकर अब जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की तादात 43 हो गई है। इनमें सात मरीज पहले स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 36 में से एक मोहनपुरा रुड़की का पॉजिटिव केस दून अस्पताल में भर्ती है। वर्तमान में मेला अस्पताल में 35 कोरोना मरीज भर्ती हैं। सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी ने बताया कि जिले में वर्तमान में 1520 लोग संस्थागत क्वारंटीन में हैं। वहीं 59 लोग आइसोलेशन में हैं। जिले में अब तक 5092 लोगों के सैंपल जांच के लिये लैब भेजे गये हैं। 2804 लोगों की रिपोर्ट आ चुकी है। 2288 लोगों की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment