हरिद्वार। कोविड-19 सिटी रिस्पोंस टीम ने कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए 36 लोगों को चिन्हित कर लिया है। इन सभी लोगों को अगले 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन किया जाएगा। वहीं संपर्क में आए लोगों की कोविड-19 जांच भी की जाएगी। बीती 25 मई में नगर कोतवाली के पास रामलीला मैदान में हुए राशन वितरण कार्यक्रम में कोरोना पॉजिटिव मरीज भी शामिल हुआ था। कार्यक्रम में शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की थी। इसके बाद भाजपा सहित पूरे शहर में खलबली मच गई थी। प्रशासन ने सिटी रिस्पोंस टीम को कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए लोगों को चिन्हित करने के आदेश दिए थे। इसके बाद सिटी रिस्पोंस टीम ने भाजपा मीडिया प्रमुख विकल राठी की ओर से सोशल मीडिया पर जारी की गई लाइव वीडियो से कार्यक्रम में शामिल लोगों को चिन्हित किया। चिन्हीकरण की रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी गई। शुक्रवार को जारी हुई आधिकारिक सूची में संतों, पार्षदों, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं के साथ शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के भाई का नाम भी शामिल है। अब प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को सूची में शामिल सभी लोगों के घरों पर सेल्फ आइसोलेशन के नोटिस चस्पा करने के निर्देश दिए हैं। अब कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए सभी लोगों के जांच के लिए सैंपल लिए जाएंगे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment