हरिद्वार। उपजिलाधिकारी कुश्म चैहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए संस्थागत क्वारंटाइन सेंटरों में व्यवस्थाओं का ध्यान रखा जाए। लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेषकर बरसात और गर्मी के मौसम को देखते हुए व्यवस्थाएं की जाएं। इसके लिए राज्य वित्त से मिलने वाले पैसे का बीस प्रतिशत खर्च करें। शुक्रवार को ब्लॉक बहादराबाद के सभागार में संस्थागत क्वारंटाइन सेंटरों की समीक्षा करने के लिए एसडीएम कुश्म चैहान पहुंची थी। उन्होंने ग्राम पचांयत विकास अधिकारियों से गांवों में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटरों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी सेंटरों में बिजली, पेयजल, शौचालय व स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है, इसलिए पंखों की भी उचित व्यवस्था सेंटरों में हों। बाहर से आने वाले प्रवासियों को किसी भी सूरत में जमीन पर न सोने दिया जाए, उनके लिए चारपाई लगाई जाएं। सेंटरों के चारों तरफ से झाड़ियां आदि सभी साफ की जाएं। सेंटरों में रखे जाने और छोड़े जाने वाले प्रवासियों के सैंपल लिए जाने के साथ ही उनकी क्वारंटाइन और छोड़ जाने की तारीख भी दर्ज की जाएं। कहा कि सेंटरों में व्यवस्था बनानेके लिए राज्य वित्त से मिलने वाली राशि से 20 प्रतिशत मुख्य विकास अधिकारी की संस्तुति के बाद खर्च की जा सकती है। खंड विकास अधिकारी एसके धमंधा ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र में में 156 सेंटर बनाए गए हैं। इनमें वर्तमान में 9 सेंटरो पर ही 22 प्रवासी मौजूद हैं। इस मौके पर एडीओ पंचायत राजबीर सिंह, अनुराग, अमित, विनोद मिश्रा, कुलदी सैनी, संजय गुप्ता आदि मौजूद रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment