हरिद्वार। पॉश कॉलोनी विवेक विहार में गैस पाइपलाइन में लीकेज के कारण आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। गनीमत रही कि आग से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। गैस की सप्लाई बंद कर लाइन की मरम्मत की गई। संबंधित विभाग के अधिकारी भूमिगत विद्युत लाइन कार्य के दौरान ही गैस की लाइन में लीकेज का कारण मान रहे हैं। मंगलवार सुबह विवेक विहार कॉलोनी में विद्युत भूमिगत लाइन का कार्य चल रहा था। यहां विद्युत लाइन पर कर्मचारियों ने जैसे ही वेल्डिंग किया, एक दम से गैस पाइपलाइन ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर में आग की लंबी लंबी लपटें निकलने लगी। यह देखते ही कर्मचारी काम छोड़कर एक तरफ हट गए। स्थानीय लोगों में भी इससे हड़कंप मच गया। लोगों ने सूचना पार्षद विवेक उनियाल को दी। उन्होंने तत्काल दमकल विभाग को अवगत कराया। दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment