हरिद्वार। फैक्ट्री से निकाले जाने से परेशान एक महिला ने सिंहद्वार पुल से गंगनहर में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगांे द्वारा शोर मचाने के बाद जल पुलिस के गोताखोरों ने महिला को किसी तरह बचा लिया। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह लक्सर निरंजनपुर निवासी एक महिला ने कनखल स्थित सिंहद्वार फुल से गंगनहर में छलांग लगा दी। आसपास खड़े जल पुलिस के गोताखोर महिला को बचाने के लिए गंगनहर में कूद पड़े। करीब 1 किलोमीटर दूर जाकर ज्वालापुर के पास महिला को गंगनहर से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में महिला को रानीपुर मोड़ स्थित सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि महिला ने एक पत्र लिखा था, जिसमें उसने पथरी स्थित एक नामी फैक्ट्री के प्लांट हेड पर आरोप लगाया है। आरोप है कि बिना वजह फैक्ट्री से निकालने के कारण महिला ने आत्महत्या करने का मन बनाया था। घटना महिला ने गंगनहर में छलांग लगाने से पहले सिंहद्वार पुल पर अपना सामान और एक पत्र छोड़ा था। पुलिस के मुताबिक पत्र में आत्महत्या करने की वजह महिला ने बताई थी। महिला का आरोप था कि बिना वजह उसे एक फैक्ट्री के प्लांट हेड ने कंपनी से निकाल दिया। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सुनील रावत ने बताया कि महिला की हालत खतरे से बाहर है। महिला को उपचार दिया जा रहा है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment