हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री विकास तिवारी ने प्रैस बयान जारी कर कहा कि हरिद्वार नगर निगम की महापौर पहले यह बताएं कि महापौर वे हैं या उनके पति अशोक शर्मा। अनीता शर्मा को शहर की जनता ने जनादेश दिया है और वे महापौर पद पर चुनी गई हैं लेकिन निरीक्षण का कार्य अशोक शर्मा करते हैं। महापौर बताएं कि वह किस हैसियत से अशोक शर्मा को निरीक्षण पर भेजती हैं। भारतीय जनता पार्टी उनसे निवेदन करती है कि उनको जनता ने पूरा संवैधानिक अधिकार दिया है और वह स्वयं निरीक्षण करें। प्रतिनिधि का कार्य सहयोग करना होता है ना कि उनके स्थान पर जाकर के बैठके लेना, निरीक्षण करना और अधिकारियों से बातचीत करना। अगर इसी प्रकार सभी पार्षदों ने भी अपने-अपने प्रतिनिधि नियुक्त कर दिए तो शहर में 120 पार्षद हो जाएंगे। जिस से पूरी तरह उहापोह की स्थिति हो जाएगी तो सबसे पहले मेयर महोदया को यह तय कर लेना चाहिए कि मेयर अशोक शर्मा है या अनिता शर्मा। जब अशोक शर्मा गड्ढों का निरीक्षण करते हैं या शहर में निकलते हैं तो स्थानीय कांग्रेसी भी उनके साथ नहीं होते। अभी तक वह पुलिया प्रकरण पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेक रहे थे और जब पुलिया प्रकरण पर उन्होंने मुंह की खाई है तो उनका राजनीतिक केंद्र बिंदु गड्ढों और विकास कार्यों पर हो गया है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment