हरिद्वार। स्वयंसेवी संस्था बीइंग भगीरथ के तत्वाधान में कनखल स्थित गंगा वाटिका स्मृति वन में शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, जिला अधिकारी सी.रविशंकर, अपर मेला अधिकारी हरबीर सिंह, एडीएम ललित नारायण मिश्रा, डीएफओ नीरज कुमार, वैद्य एमआर शर्मा, दीपक जैन, रेंजर दिनेश नौड़ियाल, एएसपी कुंभ मनीषा जोशी व बीइंग भगीरथ के संयोजक शिखर पालीवाल ने अपने पूर्वजों की स्मृति में 55 पौधे रोपित किए। मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि पूर्वजों की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाए रखने का सबसे अच्छा माध्यम पौधारोपण है। पौधारोपण, वृक्षों का संवर्द्धन और संरक्षण बहुत जरूरी है। एक वृक्ष सौ पुत्रों के समान है। प्राकृतिक संसाधनों का समझदारी से उपयोग किया जाए तो मानव जीवन को अधिक खुशहाल बनाया जा सकता है। प्रकृति को विकसित व संरक्षित करने में सभी को सहयोग करना चाहिए। जिलाधिकारी सी.रविशंकर ने कहा कि मानव जीवन में वृक्षों का बेहद महत्व है। मानव जीवन को पल्लवित करने में वृक्षों का बेहद अहम योगदान है। मानव का भरण-पोषण भी तभी हो पायेगा जब पृथ्वी पर पेड़ होंगे। एडीएम ललित नारायण मिश्र व डीएफओ नीरज कुमार ने कहा कि जल के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। पेड़ है तो पानी है, पानी है तो जीवन है और जीवन हैं तो दुनिया है। अपर मेला अधिकारी हरबीर सिंह ने कहा कि उत्तराखंड की धरती दिव्य संस्कारांे से युक्त है। सभी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होना होगा। बीइंग भगीरथ के संयोजक शिखर पालीवाल ने कहा कि भारतीय परम्पराओं में पेड़-पौधों के साथ ही पशु-पक्षियों के संरक्षण की संकल्पना भी विद्यमान है। जल-स्रोतों का संरक्षण, वृक्षों का पूजन, गंगा पूजन आदि भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण अंग है। शिखर पालीवाल ने बताया कि पितरों की स्मृति में 55 पौधों का रोपण किया गया है। अब तक विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालु पितृकर्म करने के पश्चात अपने पितरों की स्मृति में गंगा वाटिका में 150 पौधों का रोपण कर चुके हैं। वैद्य एमआर शर्मा ने कहा कि उपभोक्तावाद के स्थान पर बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता देनी होगी। इस अवसर पर मधु भाटिया, जनक सहगल, आदित्य भाटिया, शुभम सैनी, शिवम अरोड़ा आदि स्वयंसेवी भी मौजूद रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment