हरिद्वार। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ शाखा गुरूकुल कांगड़ी विवि के सफाई कर्मचारियों के धरने को समर्थन देने पहुंचे यूथ कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रवि बहादुर, शाहनवाज कुरैशी, सुमित भाटिया, वसीम सलमानी, कैस खुराना ने सफाई कर्मचारियों की मांगों को अपना समर्थन दिया। धरने का संबोधित करते हुए रवि बहादुर ने कहा कि सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पिछले चार दिन से धरना दे रहे हैं। लेकिन विश्वविद्यालय प्रबंधन संविदा कर्मचारियों की मांगों की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। सफाई कर्मचारी ठेका प्रथा समाप्त करने तथा मृतक आश्रितों को सेवा में लेने तथा रिक्त पदों पर स्थाई नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। प्रबंधिका सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों को भी दरकिनार कर रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन सफाई कर्मचारियों का शोषण कर रहा है। बीस वर्षो से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को ठेका प्रथा पर लाने की कोशिशें की जा रही है। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मेयर प्रतिनिधि वसीम सलमानी व शाहनवाज कुरैशी ने कहा कि सफाई कर्मचारी कोरोना काल में अपनी बेहतर सेवाएं आमजनमास को दे रहे हैं। विवि परिसर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाई कर्मचारी योगदान करते हैं। विवि प्रशासन की कर्मचारी विरोधी नीतियों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। कैस खुराना व सुमित भाटिया ने कहा कि श्रमिकों का शोषण किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सफाई मजूदर संघ के शाखा अध्यक्ष संजय कुमार व महामंत्री सोनू कुमार ने कहा कि इक्कीस माली, पचास सफाई कर्मचारी विवि में संविदा पर कार्यरत हैं। विवि प्रशासन संविदा पर काम कर रहे कर्मचारियों को ठेका प्रथा के अधीन लाना चाहता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि विवि प्रशासन की कर्मचारी विरोधी नीतियों को कामयाब नहीं होने दिया। गुरूकुल विवि में किसी भी कीमत पर ठेका प्रथा लागू नहीं होने दी जाएगी। धरना देने वालों कर्मचारियों में ब्रजमोहन शर्मा, जोनी, प्रवीण, मुकेश, सागर, विशाल, संदीप, सतपाल, सुनील, सुधीर, हरेंद्र, आकाश, सुधीर, दीपू, दीपक, मोनू आदि शामिल रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment