हरिद्वार। दूषित पानी और लो प्रेशर के चलते घरों में पानी नहीं आने से गुस्साए व्यापारियों ने महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी के नेतृत्व में जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में व्यापारियों के साथ आम लोग भी सम्मिलित रहे। प्रदर्शन के दौरान सुनील सेठी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से लो प्रेशर के चलते घरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। पानी की सप्लाई न के बराबर हो रही है। लो प्रेशर के साथ दूषित पानी की शिकायत भी लंबे समय से बनी हुई है। पानी की पर्याप्त आपूर्ति न होने की वजह से उत्तरी हरिद्वार की जनता परेशान है। महिलाओं को घर का कामकाज करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में पानी का प्रेशर इतना कम है कि निचले इलकों में भी बिना मोेटर के पानी नहीं पहुंच पाता है। जल संस्थान को बार बार चेताने के बाद भी व्यवस्थाएं नही सुधर रही है। जिस लेकर जनता में भारी आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो जल संस्थान के कार्यालय पर धरना देने को मजबूर होंग। प्रदर्शन करने वालों में सोनू सुखीजा, मनीष धीमान, राजेश शर्मा, गगन कालरा, प्रीतम सिंह, एसएन तिवारी, दीपक मेहता, अरुण शर्मा, धर्मपाल प्रजापति, राजू कुमार, विनोद कुमार, राजेश सुखीजा आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment