हरिद्वार। जगजीतपुर में खाली भूमि पर डाले जा रहे कूड़े को लेकर पार्षद और स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। मौके पर निगम के अधिकारियों को बुलाकर समस्या से अवगत कराया गया। अधिकारियों का कहना है कि समस्या का समाधान करा दिया गया। शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे नगर निगम के अंतर्गत आने वाले जगजीतपुर के 54 और 55 वार्ड के लोगों ने खाली पड़ी भूमि पर कूड़ा डाल रहे केआरएल कर्मचारियों को लेकर नाराजगी जताते हुए विरोध किया। लोगों ने आरोप लगाया कि आसपास के क्षेत्र का कूड़ा गुरुकुल विवि की खाली पड़ी भूमि पर लाकर डाला जा रहा है। जिससे भारी दुर्गंध उठने से परेशानी झेलनी पड़ रही है। पार्षद नागेंद्र राणा ने सहायक नगर आयुक्त विनोद कुमार को फोन कर जानकारी दी। जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। नागेंद्र राणा ने कहा कि कंपनी के अधिकारियों से भी बातचीत कर कूड़ा दूसरे स्थान पर डालने के लिए कहा गया है। विरोध जताने वालों में शंकर शर्मा, सुरजीत सिंह, सुनील नौटियाल, मोहन कुमार, शम्मी नरूला, संदीप राणा, अभिषेक, बलबीर बिष्ट आदि शामिल रहे। उधर, सहायक नगर आयुक्त विनोद कुमार का कहना है कि मौके पर जाकर निरीक्षण किया है। समस्या का समाधान कराया जा रहा है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment