हरिद्वार। न्यू हरिद्वार चंद्राचार्य चैक व्यापार मण्डल के अध्यक्ष मृदुल कौशिक के नेतृत्व में व्यापारियों ने ज्वालापुर कोतवाली पुलिस को ज्ञापन देकर क्षेत्र में सक्रिय भिखारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। इस दौरान मृदुल कौशिक ने कहा कि दुकानों के आसपास बड़ी संख्या में भिखारी सक्रिय हैं। जिनमें महिलाएं व बच्चे भी शामिल हैं। जो संगठित होकर प्रतिष्ठानों पर भीख लेने के लिए पहुंच जाते हैं। भिखारी कई बार राह चलते ग्राहकों को भी परेशान कर रहे हैं। दुकानों के आसपास दर्जनों भिखारी दिन भर मंडराते रहते हैं। भीख मांगने के साथ साथ उठाईगिरी, चोरी आदि घटनाओं को भी अंजाम दे रहे हैं। भिखारियों द्वारा आपराधिक घटनाओं को भी अंजाम देने का खतरा भी व्यापारियों पर बना हुआ है। कई बार तो महिला भिखारी भीख नहीं देने पर गाली गलौच पर भी उतारू हो जाते हैं। व्यापारी भिखारियों की बढ़ती संख्या से परेशान हैं। चंद्राचार्य चैक के आसपास से भिखारियों को हटाया जाना चाहिए। दीपांकर चक्रपाणी, पवन दुबे ने कहा कि दुकानों के आसपास मंडरा रहे भिखारी व्यापारियों के सामान भी उठा ले जाते हैं। उन्होंने आशंका जतायी कि भिखारियों के वेश में असामाजिक तत्व सक्रिय रूप से भगत सिंह चैक व चंद्राचार्य चैक मार्केट के पास भटकते रहते हैं। ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायती पत्र देने वालों में पवन दुबे, सतनाम भाटिया, अखिलेश अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, मुनीश गर्ग, सुनील गुलाटी, तरूण गुप्ता, सचिन गुप्ता, नितिन शर्मा, योगेश पाण्डे, अनूप सिंह सिद्धू, विक्रम सिंह सिद्धू, सुनील कुमार, पंकज सैनी, प्रियव्रत गुप्ता, पंकज अरोड़ा, पंकज अहलुवालिया, सुधीर गुप्ता आदि शामिल रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment