हरिद्वार। सपा परिवार के मुखिया मुलायम सिंह यादव के 82वें जन्म दिन पर सपा कार्यकर्ताओं ने मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर उनकी दीर्घायू व उत्तम स्वास्थ्य की कामना की और पुल जटवाड़ा स्थित जिला कार्यालय पर केक काटकर एक दूसरे को शुभकामनाएं दी। लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि जमीन से जुड़े मुलायम सिंह यादव ने दबे, कुचले पिछड़े समाज की आवाज को बुलंद किया। मुलायम सिंह करोड़ों सपा कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत हैं। उनके नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार ने उत्तर प्रदेश में कई जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरूआत कर आम आदमी को योजनाओं का लाभ दिलाया। प्रदेश महासचिव डा.राजेंद्र पाराशर ने कहा कि देश की राजनीति में मुलायम सिंह यादव का महत्वपूर्ण स्थान है। केंद्रीय रक्षा मंत्री रहने के साथ तीन बार देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव का जीवन बेहद संघर्षपूर्ण रहा है। गरीब, दलित, शोषित पीड़ितों की आवाज बनकर उन्होंने भारतीय राजनीति को एक नई दिशा दी। उनकी मेहनत और लगन से सपा ने भारतीय राजनीति में शीर्ष मुकाम हासिल किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने गरीबों का जीवन स्तर सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उनके कार्यकाल को आज भी याद किया जाता है। इस दौरान जिला अध्यक्ष साजिद अंसारी, मशकूर कुरेशी, श्रवण शंखधर, लवकुमार दत्ता, महंत शुभम गिरी, दुर्गेशप्रताप सिंह, ईदुल खान, नितिन यादव, रविन्द्र कुमार, दिलशाद कय्यूम आदि सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment