हरिद्वार। थाना कनखल थाना क्षेत्र में रहने वाले एक कांग्रेसी नेता के फ्लैट पर उसकी पत्नी ने जमकर हंगामा किया। पत्नी ने अपने पति कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पर नाबालिग लड़की को फ्लैट पर रखने का आरोप लगाया है। इसे लेकर पति और पत्नी में जमकर नोकझोंक हुई। बाद में महिला ने पति और दोनों बेटों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला ने बताया कि कांग्रेस नेता की पहली पत्नी का साल 2013 में देहांत हो गया था। उन्होंने वर्ष 2014 में उनसे कोर्ट में प्रेम-विवाह किया था। वर्ष 2015 में उन्होंने शादी सार्वजनिक की और एक बड़ी पार्टी भी दी थी। मगर साल 2017 में पति-पत्नी के बीच मतभेद हो गए और दोनों अलग रहने लगे। सोमवार को महिला अचानक कनखल स्थित फ्लैट पर पहुंची और एक नाबालिग लड़की के साथ रंगरलियां मनाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। महिला का आरोप है कि रंगेहाथ पकड़े जाने पर कांग्रेस नेता और उनकी पहली पत्नी के दोनों बेटों ने मारपीट करते हुए बंधक बनाया। इसके बाद लड़की को फ्लैट से भगा दिया। वहीं कांग्रेस नेता का कहना है कि लड़की उनकी बेटी की तरह है। नौकरानी के छुट्टी जाने के कारण वह खाना बनाने आई है। दोनों के बीच नोकझोंक होने पर आस पास के लोग जमा हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हंगामा शांत कराया। इसके बाद महिला ने कांग्रेस नेता और उनके दोनों बेटों के खिलाफ घरेलू हिसा, मारपीट, गाली-गलौच व धमकी के आरोप लगाए हैं। इंस्पेक्टर कनखल शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment