हरिद्वार। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई पर विरोध जताते हुए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के प्रतिनिधि मुकेश कौशिक को दीपावाली गिफ्ट के रूप में आलू प्याज भेंटकर महंगाई पर रोक लगाने की मांग की। इस दौरान महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष विमला पाण्डे ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है। बेरोजगारी व महंगाई ने आम गरीब आदमी की कमर तोड़कर रख दी है। खाद्य पदार्थो के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। जिससे महिलाओं के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि आलू प्याज जैसी रोजमर्रा प्रयोग की जाने वाली सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। लेकिन सरकार लोगों को किसी प्रकार की राहत नहीं दे पा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार महंगाई पर रोक लगाने के लिए तत्काल उपाय करे। वरना महिला कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगी। वरिष्ठ कांग्रेेस नेत्री अंजू द्विवेदी ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते आलू प्याज समेत तमाम सब्जियों के दाम बेतहाश बढ़ रहे हैं। खाद्य तेल, पेट्रोल, डीजल, गैस आदि तमाम जरूरत की चीजों के दाम आम आदमी के बूते से बाहर हो गए हैं। बेरोजगारी व महंगाई की चक्की में लोग पिस रहे हैं। लेकिन सरकार को आम लोगों की परेशानी से कोई लेना देना नहीं रह गया है। महंगाई पर नियंत्रण करने के बजाए केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पूंजीपतियों व जमाखोरों को संरक्षण दे रही हैं। सुषमा सहगल ने कहा कि महंगाई के कारण छोटे मझोले कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। गरीब आदमी के लिए परिवार के लिए दो वक्त रोटी जुटाना भी मुश्किल हो रहा है। मजदूर वर्ग घनघोर आर्थिक तंगी का सामना कर रहा है। परिवारों का लालन पालन करने मे गरीब आदमी मानसिक परेशानियों से जूझ रहा है। बढ़ती महंगाई पर केंद्र व राज्य सरकार को नियंत्रण लगाना चाहिए। आलू प्याज जैसी दैनिक जरूरत की चीजों के दाम नियंत्रित करने चाहिए। इस अवसर पर राजपति, मालती, रानी, फूलमति, नीलम धीमान, शांति आदि कार्यकर्ता मौजूद रही।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment