हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने क्षेत्र की महिला के साथ छेड़छाड़ और अश्लील टिप्पणी करने के मामले में आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक ज्वालापुर आंबेडकर नगर निवासी महिला ने शिकायत देकर बताया कि एक व्यक्ति राम सिंह पुत्र स्व. अजीत सिंह उसे बुरी नीयत से देखता है। आरोप है कि राम सिंह उसे बाजार आते-जाते रास्ते में रोकता था। आरोप है कि कई बार राम सिंह ने अश्लील फब्तियां भी कसीं। आरोप है कि 22 अगस्त की दोपहर को महिला बाजार से लौट रही थी। घर के पास वाली गली में राम सिंह ने महिला को रोका और अश्लील बातें करना शुरू कर दिया। जब महिला ने किसी बात का जवाब नहीं दिया तो आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया और जबरदस्ती अपनी ओर खींचने लगा। घर पहुंचकर यह घटना महिला ने अपने पति को बताई। जिसके बाद मामला ज्वालापुर कोतवाली में पहुंचा। आरोप है कि कोतवाली में आरोपी राम सिंह ने गाली गलौच की और उन्हें जान से मारने की धमकी। कोतवाली में विवाद होने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को शांतिभंग में चालान कर दिया। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी नहीं माना और 1 सितंबर को महिला के साथ रेलवे रोड पर अभद्रता की। जिसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस की ओर से कार्रवाई न होने पर महिला ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर गुरुवार को पुलिस ने आरोपी राम सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने इसकी पुष्टि की है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment