हरिद्वार। कांग्रेस अनुसूचित विभाग के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया। सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से 16 सूत्रीय मांग पत्र मुख्यमंत्री को भेजा। जल्द मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। सोमवार को कांग्रेस अनुसूचित विभाग के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। जहां पहले सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट जगदीश लाल को मांग पत्र सौंपा। सुनील कुमार सिंह ने कहा कि ज्वालापुर क्षेत्र को कुंभ से जोड़ा जाए। कहा कि ज्वालापुर के धीरवाली में कुंभ को लेकर हेलीपैड भी बना दिया गया है। जबकि कुंभ में साधु संतों की पेशवाई भी यहां से निकलती है। लेकिन उसके बावजूद इस क्षेत्र की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाजगी पेंशन, जागरिया, डागरिया पेंशन, बुनकर, दाई पेंशन पूर्व सरकार में प्रस्तावित थीं शासनादेश जारी हो गया था। लेकिन आज तक भी इन योजनाओं को लागू नहीं किया गया है। कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष विशाल राठौर ने कहा कि बीते दो हफ्तों से किसान अपने हक के लिए सड़क पर उतरे हुए हैं। विरोध प्रदर्शन कर अपनी जायज मांगों को बनवाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन केंद्र सरकार कृषि कानून बदलने को तैयार नहीं है। किसानों के हित में इस विषय को गंभीरता से लेते हुए कृषि कानून को रद किया जाए। हरिद्वार ग्रामीण जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार व तीर्थपाल रवि ने कहा कि समाज कल्याण विभाग से जारी की जाने वाली वृद्धा पेंशन, विधवा, विकलांग पेंशन आदि पात्र लोगों को समय पर नहीं मिल पा रही है। इस समस्या को तत्काल दूर किया जाना चाहिए। विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति समय पर न मिलने से उन्हें संस्थानों व विद्यालय से निकाला जा रहा है। जिससे विद्यार्थियों का भविष्य भी अंधकारमय में हो रहा है। युवा कांग्रेसी नेता वसीम सलमानी व दीपक कोरी ने कहा कि आरटीआई कार्यकर्ता पंकज लाम्बा ने प्रदेश के सबसे बड़े छात्रवृत्ति घोटाले को उजागर करने का काम किया। उनकी मौत की सीबीआई जांच की जानी चाहिए। पीड़ित परिवार को 50 लाख की आर्थिक सहायता और पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए। उन्होंने कहा कि अगर सभी मांगें जल्द पूरी नहीं की गई तो उग्र आंदोलन प्रदेश भर में किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सतीश कुमार, मनजीत नौटियाल, छोटू जयंत, पुनीत कुमार, नरेंद्र कुमार, कुलदीप कुमार, संदीप, सुरेंद्र सैनी, अमित कुमार, योगेश, राहुल आदि शामिल रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment