हरिद्वार। वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी केआरएल के कर्मचारियों ने सातवें दिन भी धरना जारी रखा। धरना स्थल पर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर अपना समर्थन दिया। साथ ही नारेबाजी कर रोष प्रकट किया। रविवार को धरने के सातवें दिन केआरएल कर्मचारियों ने गैराज पर विरोध प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर भीम आर्मी एकता मिशन और भीम आर्मी मजदूर महासंघ के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर कर्मचारियों को समर्थन दिया। उनके साथ धरना स्थल पर ही नारेबाजी कर नाराजगी जाहिर की। भीम आर्मी के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष विशाल प्रधान और उपाध्यक्ष राशिद अली और भीम आर्मी मजदूर महासंघ के अध्यक्ष सत्या सेमल ने कहा कि गरीब कर्मचारियों का शोषण बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम और केआरएल के बीच की लड़ाई में कर्मचारी पिस रहे हैं। पहले कंपनी ने काम बंद कर दिया। जिससे कर्मचारियों का वेतन और अन्य भुगतान अटक गया। इसके साथ ही काम बंद होने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा करते हुए उनका वेतन व अन्य भुगतान जल्द किया जाए। साथ ही उन्हें नगर निगम में काम पर रखा जाए। अगर जल्द मांगें नहीं मानी गई तो भीम आर्मी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी। धरना देने वालों में भीम आर्मी के विधानसभा क्षेत्र महासचिव इसरार उर्फ समीर अहमद, सचिव अमन वाल्मीकि, आमिर, मौअज्जम अली, मो. शमी, जीत सिंह, आशीष राज, मनीष, मोनू, समीर, अरविंद, प्रमोद, त्रिलोकचंद, चंदू राजभर, सुमित पाल, शिवम, नंदू, मनीष मेहरा, रोहित, मोहित आदि शामिल रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment