हरिद्वार। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और उत्तराखंड वनाधिकार आंदोलन के प्रणेता किशोर उपाध्याय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल गंगा जल लेकर किसान आंदोलन को समर्थन देने के लिए दिल्ली रवाना हुआ। शनिवार को दिल्ली जाने से पहले किशोर ने किसान आंदोलन की सफलता के लिए गंगा पूजन किया। किशोर ने बताया कि कुमाऊं मण्डल से भी वनाधिकार आंदोलन के नेता रविवार को दिल्ली पहुंच रहे हैं। किशोर उपाध्याय ने गंगा पूजन के बाद कहा कि मां गंगा हमें आध्यात्मिक सुरक्षा, जल सुरक्षा और अन्न सुरक्षा देती है। गंगा और हिमालय से निकलनी वाली नदियों के कारण ही उत्तर भारत का किसान खुशहाल है और यहां की नदियां उन्हें पल्लवित और पुष्पित करती हैं। एक दिन दिल्ली के हुक्मरानों को भी अपना परलोक सुधारने के लिये गंगा मां की शरण में ही आना पड़ेगा और हरिद्वार तो आना ही पड़ेगा। किशोर ने कहा कि मां गंगा सुख व शांति का संदेश लेकर गोमुख से गंगा सागर तक सभी को समान रूप से सुख और समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं। दिल्ली में बैठे हुक्मरानों को संभवतः अभी तक यह समझ में नहीं आ रहा है कि अन्न धरती पुत्र किसान पैदा करता है। अगर वह अन्न न पैदा करे, तो सभी जीते जी मर जाएंगे। इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष अंशुल श्रीकुंज, प्रदेश सचिव विभाष मिश्रा, आईटी कांग्रेस के महासचिव सुमित तिवारी, नमन अग्रवाल, जगपाल सैनी, अंजू द्विवेदी, रवीश भटीजा आदि शामिल रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment