हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी महाराज ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निरंजनी अखाड़े में संत समाज के बीच पहुंचने पर उनका आभार व्यक्त किया है। श्रीमहंत नरेंद्र गिरी ने नड्डा के साथ केंद्रीय मंत्री डा.रमेश पोखरियाल निशंक, शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत सहित सभी तेरह अखाड़ों के संत महापुरूषों का भी आभार व्यक्त किया। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी महाराज ने कहा कि हरिद्वार से शुरू हुई नड्डा की देशव्यापी यात्रा से भाजपा को और मजबूती मिलेगी और देश को विश्वगुरू के रूप में स्थापित करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि करोड़ों देशवासियों व युवाओं के भविष्य को संवारने में जुटे पीएम नरेंद्र मोदी ने पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ाया है। इसमें सहयोगी के रूप में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी अहम योगदान है। अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत हरिगिरी महाराज, मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष व निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज, श्रीमहंत रामरतन गिरी ने भी सभी भाजपा नेताओं व संत महापुरूषों का आभार व्यक्त किया।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment