किसानों को प्रोत्साहित करने के बजाए खत्म करने पर तुली है सरकार-राठी
हरिद्वार। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष रतनलाल लखेड़ा ने मुकेश धीमान को राष्ट्रीय लोकदल ओबीसी प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। सोमवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए रालोद प्रदेश अध्यक्ष रतनलाल लखेड़ा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार प्रत्येक मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। भाजपा सरकार की नीतियों से समाज का प्रत्येक वर्ग परेशान है। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान भी किया। प्रदेश उपाध्यक्ष देवपाल राठी ने कहा कि पार्टी का विस्तार पर पूरे ेप्रदेश में मजबूत बनाया जाएगा। केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार में किसान, मजदूर, गरीब की बात नहीं सुनी जा रही है। बिना किसी से चर्चा किए उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए लागू किए गए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर किसान दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन सरकार किसानों की मांगे मानने को तैयार नहीं है। लागू किए कानूनों के चलते मण्डियां समाप्त हो जाएंगी। इसीलिए किसान एमएसपी को कानूनी रूप देने की मांग कर रहे हैं। नए कृषि कानूनों के तहत भण्डारण की सीमा समाप्त कर दी गयी है। जिसका नुकसान आम लोगों को भी उठाना पड़ेगा। बड़े उद्योगपति खाद्यान्न व अन्य जरूरी चीजों का असीमित भण्डारण कर मनमाने दामों पर बाजार में बेचेंगे। देवपाल राठी ने कहा कि कोरोना काल में देश की अर्थव्यवस्था को बचाए जाने रखने में कृषि क्षेत्र का बड़ा योगदान रहा। लेकिन सरकार किसानों की मांगे मानने के बजाए किसी भी तरह से आंदोलन को समाप्त करना चाहती है। चीनों मिलों पर किसानों का दो वर्ष गन्ना भुगतान बकाया है। स्रप्रीम कोर्ट का स्पष्ट आदेश है कि 14 दिन में किसानों का भुगतान किया जाए। लेकिन मिल मालिक आदालत के आदेश को भी नहीं मान रहे हैं। सरकार कहती है कि किसान कोर्ट की बात मानें। सरकार को मिल मालिकों व उद्योगपतियों को भी कोर्ट का आदेश मानते हुए किसानों का भुगतान करने के निर्देश देने चाहिए। ओबीसी प्रकोष्ठ के नवमनोनीत प्रदेश अध्यक्ष मुकेश धीमान ने कहा कि पार्टी की नीतियों के अनुसार प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत किया जाएगा। पत्रकारवार्ता के दौरान ग्रामीण जिला अध्यक्ष मयंक सिंह राणा, युवा विंग के प्रदेश उपाध्यक्ष हरवीर सिंह, प्रदेश महासचिव डा.सुरेशचंद्र सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment