हरिद्वार। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने गणतंत्र दिवस पर किसानों द्वारा निकाली जा रही ट्रैक्टर रैली का समर्थन किया है। रांनीपुर मोड़ स्थित कार्यालय पर आयोजित प्रैसवार्ता के दौरान किसानों की ट्रैक्टर रैली का समर्थन करते हुए आप की पूर्व प्रवक्ता हेमा भण्डारी ने कहा कि आज देश बहुत नाजुक दौर से गुजर रहा है। संविधान में निहित सभी अधिकारों को तानाशाह शासन की तरह मोदी सरकार द्वारा रौंदा जा रहा है। संविधान ने देश के सभी नागरिकों को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने और अपनी बात कहने का अधिकार दिया है। लेकिन मोदी सरकार लोगों के इस लोकतांत्रिक अधिकार को तानाशाही रवैया अपनाकर रौंद रही है। हेमा भण्डारी ने कहा कि संविधान को बचाने के लिए किसान ट्रैक्टर परेड में शामिल होना भारत के प्रत्येक देशभक्त नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से देश के किसान काले कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। लेकिन मोदी सरकार उनकी मांगों को मानने के बजाय किसानों को पाकिस्तान तथा चीन के एजेंट, गद्दार और खालिस्तानी कहकर आंदोलन को बदनाम करने की कोशिश में लगी है। एक लोकतांत्रिक देश के लिए इससे ज्यादा गर्व की बात और क्या हो सकती है कि पिछले दो महीने से लाखों किसान भीषण ठंड को झेलते हुए बिना कोई हिंसा किए, शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। यह आंदोलन अपने आप में खास है और पूरी दुनिया में एक नया इतिहास रच रहा है। मोदी सरकार को अब अपने मन की नहीं, किसानों के मन की बात सुननी चाहिए और काले कानूनों को तुरंत रद्द करना चाहिए। प्रैसवार्ता के दौरान पूर्व जिला सचिव अनिल सती, हरिद्वार विधानसभा संगठन मंत्री तनुज शर्मा, शाह अब्बास और अर्जुन सिंह आदि कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment