हरिद्वार। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ प्रदेश भर में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर अलग-अलग चरणों में आंदोलन करेगा। एक मई को प्रदेश के सभी कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री आवास घेरने और दो मई से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। गढ़वाल मंडल अध्यक्ष गगन कांगड़ा ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजने के साथ नगर आयुक्त को भेजे पत्र में कहा कि शासनादेश 2015 के ढांचे में संशोधन किया जाए। सफाई कर्मचारियों के आउटसोर्सिंग के पद के स्थान पर स्थाई पदों के मानक 1000 पर पांच सफाई कर्मचारी व चालक के आउटसोर्सिंग के पद के स्थान पर स्थाई पद वाहन की उपलब्धता के आधार पर किए जाएं। केंद्रीय और अकेंद्रीय कर्मचारियों की नियमावली में संशोधन करते हुए पर्यावरण मित्रों को कनिष्ठ सहायक, पर्यावरण पर्यवेक्षक, सफाई निरीक्षक आदि के पदों पर पदोन्नति का लाभ दिया जाए। सफाई कर्मचारियों का जीवन व स्वास्थ्य बीमा किया जाए। सफाई कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों की भांति सातवें वेतनमान के अनुसार सभी निकायों में आवास भत्ता व अन्य भत्ते दिए जाएं। धुलाई भत्ता और टूल भत्ते में वृद्धि की जाए। भूमिहीन वाल्मीकि समाज के लोगों का स्थाई निवास प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाएं। अशोक चैहान और नीरज बागड़ी ने कहा कि सभी मांगों को लेकर प्रदेशभर के सफाई कर्मचारी अलग-अलग चरणों में आंदोलन करेंगे। अगर मांगें नहीं मानी गई तो एक मई को समस्त कर्मचारी देहरादून में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। जबकि दो मई से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment