हरिद्वार। किसान कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष दिनेश वालिया ने कहा है कि विधानसभा चुनाव से ठीक 1 साल पहले मुख्यमंत्री बदलने की घोषणा कर भाजपा ने अपनी हार कबूल कर ली है। नेतृत्व परिवर्तन से भाजपा अपनी नाकामी छिपा नहीं सकती है। भाजपा में चल रहा अंर्तद्वंद अब सबके सामने है। इस निर्णय से प्रमाणित हो गया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त भाजपा सरकार निष्क्रिय,निकम्मी और जनविरोधी रही है। त्रिवेंद्र सरकार में केवल अफसरशाही हावी रही तथा भ्रष्टाचार में लिप्त रही। उनके कार्यकाल में क्षेत्रवाद को बढ़ावा दिया गया और कोरोना महामारी से निपटने में भी उन्होंने ढिलाई बरती। जनप्रतिनिधियों को किसी भी निर्णय से पहले विश्वास में नहीं लिया गया। जिस कारण मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पूर्व मुख्यमंत्री हो गए हैं। 4 साल पूरे होने पर जश्न की तैयारी में डूबी सरकार अब खुद संकट में आ चुकी है। तीरथ सिंह रावत को नया मुख्यमंत्री बनाने से भारतीय जनता पार्टी को कोई लाभ नहीं मिलने वाला है। यह कवायद सिर्फ सरकार की नाकामी पर पर्दा डालने के लिए की गई है। 4 वर्षों से जो सरकार कुछ ना कर पाई 1 साल में क्या नया कर लेगी। प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है और पूरे देश में उत्तराखंड ने बेरोजगारी में नया रिकॉर्ड बनाया है। उत्तराखंड में शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में 4 सालों में भाजपा सरकार द्वारा कोई विशेष कार्य नहीं किए गए। जनता बड़ी बेसब्री से कांग्रेस की ओर देख रही है और प्रदेश में परिवर्तन लाना चाहती है। मुख्यमंत्री बदलना यह साबित करता है कि जनता भाजपा को पूरी तरह खारिज कर चुकी है। आने वाला समय निश्चित रूप से कांग्रेस का होगा।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment