 |
|
हरिद्वार। नगर निगम के अधिकांश इलाकों में बदहाल सफाई व्यवस्था से नाराज कांग्रेस अनुसूचित विभाग के कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस अनुसूचित विभाग के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने निगम परिसर में प्रदर्शन कर मुख्य नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के बाद नगर आयुक्त जयभारत सिंह को ज्ञापन सौंप जल्द सफाई व्यवस्था सुचारू कराने की मांग की। ऐसा न करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। बुधवार को कांग्रेस की अनुसूचित विभाग जिलाध्यक्ष सुनील कुमार के साथ कार्यकर्ताओं ने नगर निगम परिसर में नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। कूड़े के कारण दुर्गंध उठने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सफाई न होने से स्थानीय लोगों में जनप्रतिनिधियों के प्रति रोष पनप रहा है। उन्होंने कहा कि नई कंपनी को टेंडर देने के बाद भी कूड़ा नहीं उठ रहा है। नगर आयुक्त ने निगम का चार्ज लेने पर कहा था कि सफाई व्यवस्था उनकी प्राथमिकता होगी। लेकिन ऐसा कुछ भी नजर नहीं आ रहा है। कूड़ा सड़क किनारे कई कई दिनों तक पड़ा रहता है। अधिकारी मौके पर भी निरीक्षण के लिए नहीं जाते हैं। कांग्रेस सेवादल के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विशाल राठौर व विधानसभा अध्यक्ष अमन राठौर ने कहा कि कूड़ा न उठने से संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बना हुआ है। पुनीत कुमार व मनोज जाटव ने कहा कि जल्द सफाई व्यवस्था सुचारू नहीं की गई तो शहर का कूड़ा एकत्र कर अधिकारियों के कार्यालय के बाहर फेंका जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में पार्षद जफर अब्बासी, तहसीन अंसारी, जगदीप असवाल, वसीम सलमानी, दीपक कोरी, कुशालपाल सिंह, मनोज जाटव, अमन राठौर, हरद्वारी लाल, संदीप कुमार, सतेंद्र वशिष्ठ, सुमित भाटिया, शाहबुद्दीन अंसारी आदि शामिल रहे।
Comments
Post a Comment