हरिद्वार। सरकारी संपत्ति पर बैनर लगाने के आरोप में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता की गिरफ्तारी के बाद सोमवार को आप कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में हंगामा काटा। कोतवाली का घेराव करने पहुंचे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बाहर ही रोका लिया। पुलिस और आप कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को कोतवाली के बाहर बैठने तक नहीं दिया। साउंड सिस्टम लगा रहे कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी भी दी। जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने पोस्ट ऑफिस तिराहे प्रदर्शन किया। रविवार रात को पुलिस ने आप कार्यकर्ता राकेश यादव को सरकारी संपत्ति पर पोस्टर-बैनर लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। सहायक नगर आयुक्त महेंद्र यादव की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। सोमवार को आप कार्यकर्ता राकेश यादव को जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी के बाद सोमवार सुबह आप कार्यकर्ता शहर कोतवाली के बाहर पहुंचे, जहां पहले से ही पुलिस फोर्स मौजूद थी। कार्यकर्ता कोतवाली के बाहर धरने पर बैठ गए। पुलिस ने सड़क पर बैठने से रोका। साउंड सिस्टम चला रहे कार्यकर्ताओं पर फटकार लगाई। इसको लेकर आप के कार्यकर्ताओं की कोतवाल अमरजीत सिंह के साथ नोकझोंक हुई। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ओम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन हरिद्वार विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी द्वारा महिलाओं के लिए निःशुल्क ऑटो सेवा शुरू की गई थी। जिस पर पुलिस द्वारा ऑटो चालक को अवैध तरीके से गिरफ्तार किया गया। पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा चालक की रिहाई के लिए आम आदमी पार्टी ने हरिद्वार कोतवाली का घेराव किया गया था। आम आदमी पार्टी की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष हेमा भंडारी का कहना है कि आम आदमी पार्टी हरिद्वार विधानसभा में रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को एक तोहफा देना चाहती थी जिसका पुलिस द्वारा सत्तारूढ़ पार्टी के दबाव में आकर ऑटो रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया गया। पूछे जाने पर पुलिस द्वारा बार-बार इनकार किया गया और जब आम आदमी पार्टी द्वारा दबाव बनाया गया तो पुलिस द्वारा बताया गया कि उक्त चालक को विभिन्न धाराओं में गिरफ्तार किया गया है। जिस पर सोमवार को आम आदमी पार्टी द्वारा कोतवाली का घेराव किया गया और चालक को रिहा किए जाने की मांग की गई। जिला सचिव अनिल सती ने कहा कि सत्ता पक्ष के दबाव में प्रशासन काम कर रहा है। जिस तरह पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की गई वह पूरी तरह निंदनीय है। कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा दी गयी तहरीर को भी नहीं लिया गया जो कि एकतरफा कार्रवाई को दर्शाता है। आम आदमी पार्टी ऐसे मुकदमों से डरने वाली नहीं है। इस अवसर पर यशपाल चैहान, नरेश शर्मा, संजू नारंग, रघुवीर सिंह पंवार, नवीन मारिया, राजे नेगी, गीता देवी, युवा मोर्चा अध्यक्ष गगन वर्मा, अर्जुन सिंह, पवन धीमान, शिशुपाल नेगी, ममता सिंह, अम्बरीष गिरी, किरन कुमार दुबे, अनुज चैधरी, साहूकार, दीप्ति चैहान, सुरेश तनेजा, परवीन कुमार, शाहीन अशरफ, तनुज शर्मा, गुरु कार्तिक, मयंक गुप्ता, अकरम आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment