निगम परिसर में रखे खाली डस्टबिन बने विवाद का कारण
हरिद्वार। नगर निगम परिसर में पड़े खाली कूड़ेदान की सफाई कराने की मांग करने गए मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा और मुख्य नगर आयुक्त जय भारत सिंह के बीच तीखी नोंक झोंक हुई। दोनों के बीच तीखी बहस हुई। मुख्य नगर आयुक्त ने पुलिस बुला ली। जिसके बाद मामला शांत हुआ। एक दिन पूर्व मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निगम परिसर में खुले में रखे डस्टबिन में बरसाती पानी जमा होने से डेंगू मच्छर पैदा होने की आशंका जताते हुए प्रदर्शन किया था। बुधवार को अशोक शर्मा अपने समर्थको के साथ डस्टबिन की सफाई के संबंध में शिकायत दर्ज कराने एमएनए कार्यालय पहुंचे। इस दौरान अशोक शर्मा और एमएनए के बीच तीखी बहस हुई। एमएनए ने पुलिस बुला ली। इसके बाद अशोक शर्मा समर्थकों के साथ एमएनए कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। अशोक शर्मा ने कहा कि मंगलवार को प्रदर्शन के बाद भी कूड़ेदान में भारी पानी को साफ नहीं कराया गया। इसी संदर्भ में एमएनए से शिकायत दर्ज कराने गए थे। लेकिन एमएनए पुलिस से गिरफ्तार कराने की धमकी दे रहे हैं। अशोक शर्मा ने आरोप लगाया कि एमएनए सत्ता के इशारे पर कार्य कर रहे हैं। जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। एक और तो निगम प्रशासन द्वारा पूरे शहर में लाउडस्पीकर के माध्यम से गमलों, पुराने टायरों, फ्रिज की ट्रे आदि में पानी जमा नहीं होने के प्रति जनता को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन निगम परिसर में रखे सैकड़ों डस्टबीन में जमा हो रहे बरसाती पानी की सफाई नहीं करायी जा रही है। जिससे नगर निगम के सैकड़ों कर्मचारी व अपने कार्यो के लिए आने वाले शहर के लोगों पर डेंगू का खतरा मण्डरा रहा है। इस संबंध में जब उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ आवाज उठायी तो उसे भी अनसुना किया जा रहा है। भाजपा सरकार में जनता की आवाज उठाना भी गुनाह हो गया है। एससी विभाग के जिला अध्यक्ष सुनील व संगम शर्मा ने कहा कि डेंगू फैलने के लिए मेयर को जिम्मेदार ठहराया जा सके, इसी वजह से खाली डस्टबीन की सफाई नहीं करायी जा रही है। उल्टा कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को जनहित के मामले उठाने पर पुलिस की धमकी दी जा रही है। इस अवसर पर पार्षद राजीव भार्गव, बृजमोहन बड़थ्वाल, नावेज अंसारी, राजकुमार ठाकुर, दिनेश पुंडीर, कुशलपाल, नकुल महेश्वरी, सुनील कुमार, दीपक राजपूत, मनोज जाटव, आकाश, विकास, अजय कुमार, विजय ठाकुर, रजत कुमार, संदीप कुमार आदि शामिल रहे।
Comments
Post a Comment