हरिद्वार। स्मैक तस्करी में शामिल आरोपी युवक की जमानत अर्जी विशेष एनडीपीएस एक्ट न्यायाधीश संजीव कुमार ने खारिज कर दी है। शासकीय अधिवक्ता कुशलपाल सिंह चैहान ने बताया कि 25 मई 2020 को श्यामपुर क्षेत्र में पुलिस राहुल कुमार और बेगराज सिंह को स्मैक तस्करी में गिरफ्तार किया था। जांच में पुलिस को पता चला कि उक्त स्मैक को बेचने के बाद उसकी धनराशि आरोपी वसीम की मां के खाते में स्थानांतरित हुई थी। उक्त खाते को आरोपी वसीम पर ही संचालित करने का आरोप है। जिस पर पुलिस ने आरोपी वसीम पुत्र मौहम्मद मियां निवासी मौहल्ला सराय भोलेनगर थाना फतेहगंज पश्चिम बरेली यूपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले की सुनवाई के बाद विशेष कोर्ट एनडीपीएस एक्ट न्यायाधीश संजीव कुमार ने आरोपी वसीम की जमानत अर्जी रद्द कर दी है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment