हरिद्वार। स्वच्छ भारत अभियान को ठेंगा दिखाते हुए नगर निगम के वार्ड नंबर 54 में चारों ओर कूड़े का ढेर लगा हुआ है जिसमें उठने वाली बदबू से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। क्षेत्रवासियों की शिकायत पर भी संबंधित अधिकारियों के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है। मजबूरन लोगों को दुर्गंध में जीवन यापन करना पड़ रहा है। स्थानीय पार्षद और मेयर ने भी इस ओर से आंखें फेर ली है। लोगों का कहना है भाजपा पार्षद, कांग्रेसी मेयर एवं भाजपा विधायक भी क्षेत्र वासियों की समस्याओं का समाधान कराने में नाकाम साबित हो रहे हैं। ऐसे हालात में स्थानीय निवासियों ने आने वाले चुनाव का बहिष्कार करने की भी चेतावनी दी है। नगर निगम क्षेत्र जगजीतपुर के वार्ड नंबर 54 गुरुकुल के खाली पड़े प्लॉटों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों पर पार्षद का ध्यान नहीं हैं। सफाई व्यवस्था सुचारू नहीं होने के चलते कई कई दिनों से पड़ा कूड़ा सड़ रहा है। इससे जगजीतपुर वार्ड में संक्रमण बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि एक और भारत सरकार स्वच्छ भारत अभियान चलाकर पूरे देश को स्वस्थ एवं समृद्ध बनाने का प्रयास कर रही है वहीं स्थानीय पार्षद एवं मेयर की बेरुखी के चलते क्षेत्रवासियों को गंभीर बीमारियों की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार शिकायत करने का भी कोई असर नहीं पड़ रहा है। स्थानीय निवासी नितिन चैधरी, सम्मी नारोला, रितिक, ऋषभ आदि ने कहा कि जल्द ही सफाई समस्या का समाधान नहीं होने पर वार्ड के लोग नगर निगम का घेराव कर सफाई की मांग करेंगे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment