हरिद्वार। कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की तानाशाही से परेशान जनता कांग्रेस के रूप में विकल्प तलाश रही है। कांग्रेस प्रत्येक गांव में घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों को बताएगी ताकि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ अपनी सरकार बना सके। जिलाध्यक्ष रविवार शाम को गढ़मीरपुर में हुए कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोगों को गुमराह करने का काम करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 15 लाख रुपये गरीब लोगों के खाते में डालने की बात कही थी। किसानों की आय दोगुना करने की बात भी केवल कागजों में सिमट कर रह गई। युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव महबूब आलम ने कहा कि भाजपा सरकार में हर वर्ग महंगाई की मार झेल रहा है। केंद्र सरकार ने डीजल-पेट्रोल के दाम पहले तो आसमान तक पहुंचा दिए उसके बाद केवल पांच रुपये कम किए। लेकिन महंगाई दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह भाजपा की केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार है उस रफ्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य नहीं हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें टूटकर तालाब बन चुकी हैं। इस दौरान एजाज अली, भावना, अंजलि, सैफ अली, मेहरूम सलमानी, लोकेंद्र वर्मा, अर्जुन कर्णवाल, इमरान अली, फरीद मलिक, सुनील लुधियान, सचिन प्रधान, आदि ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment