हरिद्वार। प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं हाल में ही भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आये यशपाल आर्य ने कहा कि चुनाव से ठीक पहले भाजपा जिस तरह से घोषणाएं कर रही है उसके कोई मायने नहीं है। तीन चार साल पहले अगर घोषणाएं की जाती तो काम धरातल पर भी दिखता। भीमगोड़ा हरिद्वार स्थित एक आश्रम में पत्रकारों से बातचीत में यशपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार जिस तरह से घोषणाएं कर रहे हैं वह सब बेमानी हैं। भाजपा के नारों पर अब जनता को विश्वास नहीं रहा। यशपाल ने कहा कि आचार संहिता लागू होने से पहले ऐसी घोषणाएं चुनावी शिगूफे होते हैं। यह सबको पता है, प्रदेश की जनता सब जानती है। विकास को लेकर केवल खोखले नारे ही प्रदेश की जनता को मिले हैं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की तस्वीर अब बदलने जा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। ऐसा वातावरण व परिदृश्य सामने दिखाई दे रहा है। यह कांग्रेस के लिए अच्छे संकेत हैं। प्रदेश से भाजपा की विदाई तय है। इसलिए भाजपा किसी हद तक जाकर कुछ भी कर सकती है। इससे पहले आश्रम पहुंचने पर यशपाल आर्य का महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल के नेतृत्व में स्वागत किया गया। प्रदेश महासचिव डॉ संजय पालीवाल और ब्रहमस्वरूप ब्रह्मचारी ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। यशपाल आर्य ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा भी की। इस दौरान मेयर अनिता शर्मा, महिला जिलाध्यक्ष विमला पांडे, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रदीप चैधरी,ग्रामीण जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह, यशवंत सैनी, रवि कश्यप, शुभम अग्रवाल,सुनील कुमार,पुरुषोत्तम शर्मा,सपना सिंह,गुलबीर सिंह चैधरी, राजवीर सिंह चैहान,कैलाश प्रधान,आशीष गोस्वामी आदि शामि रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment