हरिद्वार। कमल मिश्रा- जगजीतपुर क्षेत्र की कॉलोनीवासियों का रानीपुर विधायक आदेश चैहान के खिलाफ दूसरे दिन भी विरोध जारी रहा। लोगों ने विभिन्न कॉलोनियों में पैदल मार्च निकालकर भाजपा विधायक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रोष जताया। साथ ही चुनाव में विधायक को वोट न देने की चेतावनी भी दी। सोमवार को राज विहार कॉलोनी और फुटबॉल ग्राउंड के आसपास के साथ ही शांतिपुरम, मिलन वाटिका, उदय विहार, त्रिलोक नगर, मित्र विहार आदि क्षेत्र के लोगों ने विभिन्न कॉलोनियों में पैदल मार्च निकालकर विधायक के खिलाफ प्रदर्शन किया। जबकि इससे एक दिन पहले राजा गार्डन, गणपति धाम फेस-1,2, महेंद्र विहार, शालिनी पुरम, फ्रेंड्स कॉलोनी, शिवानी पुरम, आदर्श नगर सहित कई कॉलोनी के लोग धरने पर बैठ गए थे। कॉलोनी वासी रविंद्र राणा, संदीप बिष्ट ने कहा कि जगजीतपुर क्षेत्र की सभी कॉलोनियों में जन समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। गलियों की सड़कों का बुरा हाल है। नालियां न होने से पानी सड़कों पर बहता है। सीवर लाइनें भी नहीं नहीं है। लेकिन विधायक आदेश चैहान 10 साल के अंदर क्षेत्र की समस्या को दूर नहीं करवा पाए हैं। केवल चुनाव के दौरान ही नेताओं को जनता की याद आती है। ऐसे जनप्रतिनिधियों को चुनाव में पार्टी को टिकट देने का कोई अधिकार नहीं है। इसलिए आगामी चुनाव में इन्हें विधायक का टिकट न दिया जाए। चेतावनी दी कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता सबक सिखाने का काम करेगी। प्रदर्शन करने वालों में दीपा, मनोज, सुरेश, गीता रावत, हीरा सिंह, दलजीत, उमा, कमल, राजकुमार सहित तमाम कॉलोनी के लोग मौजूद रहे।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment