हरिद्वार। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि भाजपा 2022 में 2017 से बड़ी विजय प्राप्त करेगी। भाजपा सरकार के राज में उत्तराखंड में विकास की गंगा बही है। शनिवार को विजय संकल्प यात्रा शुरू होने से पहले पंतद्वीप मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मंच से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर तरफ कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। हरिद्वार में फ्लाईओवर, सड़कें, इंटरनल रोड, सीवरेज सिस्टम, अंडरग्राउंड बिजली जैसी सुविधाएं सरकार ने दी हैं। उन्होंने दावा किया एक सर्वे के दौरान 500 शहरों में हरिद्वार प्रथम आया है। राज्यसभा सांसद अजय टम्टा ने कहा कि कांग्रेस ने सालों-साल राज किया। बस केवल झूठे नारे दिए। लेकिन आज भाजपा सरकार के राज में पहाड़ों में ट्रेन का सपना पूरा होने जा रहा है। जो कभी किसी ने सोचा भी नहीं था। टनकपुर से बागेश्वर तक ट्रेन चलाने को लेकर सर्वे पूरा हो गया है। जल्द ही काम भी पूरा होगा। यात्रा के संयोजक ज्योति प्रसाद गैरोला ने कहा कि 2022 में भाजपा का सत्ता वापसी का संकल्प है। सरकार ने जो वादे पूरे किए हैं यात्रा के माध्यम से जनता को वो बताएंगे। उन्होंने बताया कि शनिवार से होकर छह जनवरी को यात्रा का समापन होगा। इस दौरान रोड शो जनसभाएं होंगी। ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर ने कहा कि देश में पहले किसी ने निःशुल्क अनाज नहीं दिया। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निःशुल्क वैक्सीन जनता को देकर एक कृतिमान स्थापित किया। किसानों को सम्मान निधि दी है। मुख्यमंत्री ने कई योजनाएं शुरू की हैं। पूरे प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। कांग्रेस अपना इतिहास उठाकर देखे। हरीश रावत को चुनौती दी कि गंगा किनारे बिगुल फूंक रहे हैं आप भी सुन लें। भाजपा को जीतने से कोई रोक नहीं सकता। देशराज कर्णवाल ने कहा कि भाजपा राज में देश की उन्नति हुई है। उत्तराखंड में लगातार विकास कार्य होने से प्रदेश आगे बढ़ रहा है।
Comments
Post a Comment