हरिद्वार। रमा विहार कालोनीवासियों ने असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाए जाने की मांग को लेकर कनखल थाना प्रभारी मुकेश चैहान को शिकायती पत्र देकर रोकथाम की मांग की। राजेंद्र कुमार, राजीव कुमार, विनय कुमार, कैलाशचंद आदि कालोनीवासियों ने कहा कि जमालपुर कलां रेल फाटक पर सुबह शाम असामाजिक तत्व एकत्र रहते हैं। जिन कारणों से महिलाओं को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। असामाजिक तत्व दिन भर हुड़दंग मचाते हैं। कई बार तो असामाजिक तत्व मौहल्लेवासियों से झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। रात दिन सट्टा, जुआ, स्मैक, शराब आदि का अवैध कारोबार भी संचालित असामाजिक तत्वों द्वारा किया जा रहा है। कालोनीवासियों की बहु बेटियां अपने का असुरक्षित महसूस कर रही हैं। कालोनीवासियों ने कनखल पुलिस से मांग की कि असामाजिक तत्व किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। इसलिए नियमित रूप से रमा विहार कालोनी में रात दिन गश्त की जाए। जिससे लोगों को इन असामाजिक तत्वों से छुटकारा मिल सके।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment