हरिद्वार। हरकी पैड़ी सहित आसपास के कई इलाकों में व्यापारियों की ओर से पिछले नौ माह से चूजर चार्ज जमा नहीं किया है। इससे नौ वार्डों में कूड़ा उठान कार्य ठप हो गया है। कंपनी कासा ग्रीन ओर से बार-बार आग्रह किए जाने के बाद भी यूजर चार्ज जमा नहीं हुआ है। अब नगर निगम के साथ कंपनी ने दुकानदारों को नोटिस जारी किए हैं। नगर निगम की ओर से शहर से कूड़ा उठाने का कार्य कासा ग्रीन कंपनी को दिया है। जबकि कुछ वार्डों में दूसरी कंपनी कूड़ा उठान कार्य कर रही है। पिछले साल मई में कासा ग्रीन ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य शुरू किया था। कंपनी को ही यूजर चार्ज उठाने की जिम्मेदारी दी गई थी। कंपनी के मुताबिक पिछले नौ माह से वार्ड एक से नौ तक (भूपतवाला, खड़खड़ी, हरकी पैड़ी, अपर रोड, मोती बाजार) आदि वार्डों के व्यापारियों ने यूजर चार्ज जमा नहीं किया है। कंपनी की ओर से कई बार यूजर चार्ज जमा करने को लेकर आग्रह किया गया। साथ ही नगर आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी व्यापारियों से यूजर चार्ज जमा करने की अपील की गई थी। इसके बाद भी व्यापारियों की ओर से यूजर चार्ज जमा नहीं किया गया। व्यापारी कभी कोरोना की मार तो कभी अन्य कारण बताकर यूजर चार्ज जमा नहीं कर रहे हैं। अब कंपनी ने इन वार्डों में कूड़ा उठान कार्य बंद कर दिया है। साथ ही व्यापारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। कासा ग्रीन कंपनी के प्रबंधक रंजन राठौर ने बताया कि यूजर चार्ज जमा नहीं होने से कर्मचारियों की सैलरी सहित अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती के अनुसार कंपनी के अधिकारियों को व्यापारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि किसी तरह की परेशानी न खड़ी हो। व्यापारियों से भी यूजर चार्ज जमा करने की अपील की गई है। यूजर चार्ज न मिलने से कंपनी को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment