हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल की शाखा एक्कड़ कलां में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि पंजाब में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक कांग्रेस का एक षड्यंत्र है। इस पूरी घटना की गहनता से जांच होनी चाहिए और दोषियों को कड़ा दंड मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने ओछी मानसिकता का परिचय देते हुए यह कुकृत्य किया है। जोकि लोकतंत्र के विरुद्ध है। आगामी विधानसभा चुनाव पर वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि यूपी में योगी आदित्यनाथ 2022 में 2017 से ज्यादा विधानसभा सीट जीतते हुए पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू चल रहा है। जिसे कोई नकार नहीं सकता। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता संपूर्ण भारत में नहीं पूरे विश्व में है और वह विश्व के नेता है। योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश में बेहतर कार्य कर रहे हैं और संत के रूप में यूपी को एक नई दिशा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विरोधियों के भी चहेते हैं और भाजपा का तुरुप का पत्ता हैं। ऐसे मुख्यमंत्री को इतिहास बदल कर दोबारा मौका मिलना चाहिए और हमें पूर्ण विश्वास है उत्तराखंड में भी भाजपा पूर्ण बहुमत से जीत का परचम लहराएगी।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment