हरिद्वार। चुनाव से पहले भले ही भाजपा और कांग्रेस,आप के द्वारा प्रचार का जोरदार तरीका अपनाया गया हो,लेकिन कई बार ज्यादा प्रचार सामग्री कचरा बन जाता है,इसकी बानगी गुरूवार को देखने को मिली,जब मतदान के तीसरे दिन भाजपा विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए योजनाओं को लेकर प्रकाशित की गई प्रचार सामग्री (किताबें) कनखल में झाड़ियों में पड़ी मिली है। बताया जाता है कि सैकड़ों किताबों और पोस्टरों को जलाया भी गया है। झाड़ियों में काफी किताबें व पोस्टर अधजले मिले है। सोशल मीडिया में मामले से संबंधित वीडियो गर्माया हुआ है। झाड़ियों में पड़ी भाजपा की प्रचार सामग्री विकल्प रहित संकल्प, नए इरादे युवा सरकार से संबंधित है। इन किताबों के मुख पृष्ठ पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का फोटो प्रकाशित है। किसी ने इनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में भी डाल दिया है। ये प्रचार सामग्री विधानसभा चुनाव में जनता को बटवाने को मंगाई गई थी। लेकिन किसी ने प्रचार सामग्री को न बांटकर इन्हें झाड़ियों में फेंक दिया। कुछ प्रचार सामग्री को जलाया भी गया है। इन प्रचार साम्रग्री को कार्यकर्ताओं को जनता में बांटने को दिया गया था। जिससे कार्यकर्ता भाजपा सरकार की योजनाओं का प्रचार कर सके। प्रचार सामग्री के बंडल गुरुवार को कनखल के एक प्लाट में उगी झाड़ियों में मिले हैं। मौके पर एक प्रत्याशी के जले पोस्टर भी मिले है। इस सम्बन्ध में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल चैहान का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment