हरिद्वार। हरिद्वार जिला बार संघ का चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी समेत पांच चुनाव अधिकारी घोषित किए गए। मतदान की तारीख 30 मार्च तय की गई है। शनिवार को जिला बार संघ में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला बार संघ के अध्यक्ष कुलवंत सिंह चैहान ने सभी सदस्यों के सामने अपने वर्ष भर के कार्यकाल का ब्योरा पटल पर रखा। उन्होंने अधिवक्ता गणों का सहयोग और मार्गदर्शन करने के लिए आभार जताया। इसके बाद अध्यक्ष ने वार्षिक चुनाव कार्यक्रम को संपन्न कराने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश सिंह राठौर, सहायक चुनाव अधिकारी राव शबाहत अली, मनीष हटवाल, रविन्द्र सहगल, दिविक चैहान को मनोनीत किया। मुख्य चुनाव अधिकारी समेत सभी चुनाव अधिकारियों ने वर्तमान कार्यकारिणी का आभार जताते हुए निष्पक्ष चुनाव का आश्वासन दिया। मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश सिंह राठौर ने बताया कि सोमवार को सात पदाधिकारियों और छह कार्यकारिणी पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। अगले दिन नामांकन पत्रों की जांच और दोपहर बाद नाम वापसी की प्रक्रिया शुरू होगी। 30 मार्च को बार कक्ष में बने मतदान केंद्र पर 700 महिला और पुरुष अधिवक्ता मतदान करेंगे। हालांकि, परिस्थितिवश चुनाव कार्यक्रम में फेरबदल किया जा सकता है।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment