हरिद्वार। यात्रा सीजन शुरू होने से पहले ही शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है। शहर में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए यातायात पुलिस अब ऑटो, रिक्शा, विक्रम के रूट तय करने की तैयारियों में जुट गई है। जबकि पुलिस की ओर से ई रिक्शा को लेकर भी मंथन किया जा रहा है। राज्य की राजधानी देहरादून में आॅटो चालको के लिए रूट निर्धारित है। यातायात पुलिस का प्रयास है कि योजना बनाकर धर्मनगरी की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाया जा सके। प्लान को अमलीजामा पहनाने की कवायद शुरू करते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर पहल शुरू कर दी है। देवपुरा चैक से लेकर पोस्ट ऑफिस तिराहे तक वनवे सिस्टम लागू कर दिया गया है। अब पुलिस सख्ती से नियमों का पालन करवाने में जुटी है। पुलिस का फोकस अब शहर के अन्य हिस्सों पर भी है। यातायात पुलिस की ओर से भेल, लक्सर, सिडकुल, बहादराबाद से लेकर शहर के अंदरूनी हिस्सों पर रूट व्यवस्था लागू करने की तैयारी की जा रही है। रूट निर्धारित होने के बाद ऑटो रिक्शा विक्रम दूसरे रूट पर नहीं चल सकेंगे। इस समय शहर में हजारों ऑटो रिक्शा दौड़ रहे हैं। ऐसे में यातायात पुलिस यूनियनों से रायशुमारी करने में जुटी है। हालाकि इससे पहले भी कई बार रूटवार व्यवस्था लागू की जा चुकी है, लेकिन योजना सफल नहीं हो पाई। एसपी यातायात मनोज कात्याल के अनुसार आॅटो,रिक्शा संचालन के लिए रूट की व्यवस्था लागू होने से शहर वासियों को लाभ मिलेगा। साथ ही यातायात व्यवस्था भी दुरुस्त होगी।
हरिद्वार। भाजपा की ओर से ऋषिकेश मेयर,मण्डल अध्यक्ष सहित तीन नेताओं को अनुशासनहीनता के आरोप में नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह के अन्दर नोटिस का जबाव मांगा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की मेयर श्रीमती अनिता ममगाईं, ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनबीर सिंह चैहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।
Comments
Post a Comment